Wednesday, May 8, 2013

अच्छा है

अच्छा है
 
जीवन में कुछ तकलीफ़ें हैं, अच्छा है।
याद तुम्हारी बनी हुई है, अच्छा है।

कल का सुनहरा ख़्वाब सजाना, अच्छा
है
पूरा हो कोई
ख़्वाब पुराना, अच्छा है।

बीती कड़वी बात भुलाना, अच्छा है।
प्रेम भाव से समय बिताना, अच्छा है।

छत पर उसका आना जाना, अच्छा है।
बचपन का वो यार पुराना, अच्छा है।

बूढ़ों की लाठी बन जाना, अच्छा है।
बच्चों को सद्मार्ग दिखाना, अच्छा है।

हरे भरे कुछ पेड़ लगाना, अच्छा है।
नदियों को कूड़े से बचाना, अच्छा है।

शुद्ध हवा यदि मिल पाये तो, अच्छा है।
दीपक से दीपक जल जाये, अच्छा है।

भूखे को रोटी मिल जाये, अच्छा है।
प्यासे को पानी मिल जाये, अच्छा है।

नंगे को कुछ वस्त्र मिलें तो, अच्छा है।
बेघर को इक छत मिल जाये, अच्छा है।

जीवन पथ में चलते जाना, अच्छा है।
प्रभु का चिन्तन करते जाना, अच्छा है।

1 comment:

  1. सार्थक विचार..... बहुत सुंदर पंक्तियाँ

    ReplyDelete