Thursday, December 29, 2016

दोहे

दोहे
धूप न निकली आज भी, गये कई दिन बीत।
सर्द हवा भीतर घुसे, छेद देह की भीत।
..........
सर्द हवाएँ तीर सी, बींध रहीं हैं देह।
सूरज की किरणें भली, बरसाती हैं नेह।
.........
अलसायी सी धूप है, सूरज है हैरान।
कोहरे के आतंक से, सहमी उसकी जान।


 

Sunday, December 18, 2016

धूप प्रेयसी

धूप प्रेयसी

धूप प्रेयसी आँगन उतरी,
कुहरे का पट खोल।
मिलने निकल पड़े सब बाहर,
यह पल है अनमोल।

नर्म गुनगुनी धूप सुहाती,
सहलाती तन-मन को।
बचपन सी चंचलता देती,
कठुआए जीवन को।
रह रह कर है बैरन पछुआ,
देती ठंडक घोल।
धूप प्रेयसी आँगन उतरी,
कुहरे का पट खोल।

बाटी चोखा दिन में जमता,
बीच-बीच में चाय।
बच्चे छत पर गुड्डी ताने,
पेंचा रहे लड़ाय।
हुई शाम, घर में घुस जाते,
दरवाज़ा मत खोल।
धूप प्रेयसी आँगन उतरी,
              कुहरे का पट खोल।